कोरबा में वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान, नए सियान सदन का निर्माण होगा
कोरबा में वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान, नए सियान सदन का निर्माण होगा

राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती पर अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर कोरबा जिले में आयोजित एक विशेष समारोह में वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान किया गया। इस मौके पर उद्योग, वाणिज्य, व्यापार एवं श्रम मंत्री श्री लखन लाल देवांगन ने वृद्धजनों के सम्मान में आयोजित समारोह में कहा कि वृद्धजनों की सुविधा के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।

मंत्री देवांगन ने कहा कि कोरबा जिले में नए सियान सदन बनाए जाएंगे जो कि वातानुकुलित और मनोरंजन की दृष्टि से सुविधापूर्ण होंगे। इन सियान सदन में वृद्धजनों को आवास के साथ-साथ दवाई भी प्रदान की जाएगी।

इस समारोह में श्री देवांगन ने वरिष्ठ नागरिकों और वृद्धजनों को शॉल, श्रीफल और वॉकिंग स्टीक देकर सम्मानित किया और उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कलेक्ट्रेट परिसर में 8 दिव्यांगजनों को मोटराइज्ड ट्राइसाइकल भी प्रदान किए।

कलेक्टर अजीत वसंत ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस का आयोजन राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती पर किया जा रहा है। उन्होंने वृद्धजनों को संबोधित करते हुए कहा कि समाज को आपने जो योगदान दिया है उसे आज स्वीकार करने का दिन है। आपके पास अनुभवों की अमूल्य धरोहर है। आप ज्ञान की लाइब्रेरी की तरह हैं, जिस तरह लाइब्रेरी में पुस्तकों की संख्या बढ़ती जाती है उसी तरह आपके पास ज्ञान और अनुभव बढ़ता जाता है।

इसे भी पढ़ें  आरपीएफ के दो जवानों की क्रूरता, चोरी का इल्जाम लगाकर कबाड़ी को दी दर्दनाक मौत

कलेक्टर ने वृद्धजनों को भरण-पोषण अधिनियम के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने कहा कि खनिज संस्थान न्यास मद नगर में सर्व सुविधा युक्त वृद्धाश्रम का निर्माण कराया जा रहा है।

इस अवसर पर वरिष्ठ नागरिक मजूमदार ने वृद्धजनों को बाल्को मैत्री संघ के विषय में जानकारी दी। इस संघ ने पिछले 19 वर्षों से वृद्धजनों के लिए कार्य कर रहा है। इस कार्यक्रम में वृद्धजनों ने अपने अनुभव साझा किए। समारोह में उप संचालक समाज कल्याण विभाग सिनीवाली गोयल, बाल्को मैत्री संघ के सदस्यगण, वरिष्ठ नागरिक एवं वृद्धजन उपस्थित थे।