बिलासपुर । बिलासपुर में प्रधानमंत्री आवास दिलाने का झांसा देकर महिलाओं सहित दस लोगों से 10 लाख रुपए की ठगी की गई है। ठगी के शिकार हितग्राही अपनी फरियाद लेकर 10 माह तक सरकंडा थाने का चक्कर लगाते रहे। लेकिन, पुलिस ने उनकी सुध नहीं ली। जब मामले की शिकायत IG रतनलाल डांगी तक पहुंची, तब पुलिस हरकत में आई। आनन-फानन में अपराध दर्ज कर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामला सरकंडा थाना क्षेत्र का है।
खमतराई के शर्मा विहार निवासी विजय लता सोनी पति लक्ष्मी नारायण सोनी का परिचय सेवा दल के कार्यक्रम के दौरान सौरभ दुबे इंद्रप्रस्थ कॅलोनी सरकंडा निवासी से हुआ था। सौरभ ने बड़े अफसरों से परिचय होने और PM आवास योजना के तहत मकान दिलाने का झांसा दिया। इसके एवज में उसने अधिकारियों खिलाने के साथ ही शासकीय शुल्क के रूप में रकम जमा करने के लिए कहा। उसकी बातों में आकर विजय लता सोनी सहित 10 लोग मकान लेने के लिए तैयार हो गए। सभी ने मिलकर उसे 10 लाख रुपए दिए। बाद में उसने बिजली कनेक्शन के नाम से 5-5 हजार रुपए अलग वसूली कर लिया। लेकिन, इसके बाद भी लोगों को मकान नहीं मिला। तब उन्होंने इस मामले की शिकायत की। पुलिस ने धोखाधड़ी का अपराध दर्ज कर सौरभ दुबे को गिरफ्तार कर लिया है। सौरभ दुबे ने लोगों को झांसे में लेने के लिए राजधानी रायपुर में मंत्री व अधिकारियों तक पहुंच होने का धौंस दिखाया। साथ ही उसने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत कई लोगों को मकान दिलाने का दस्तावेज भी दिखाया।
लिहाजा, लोग उसके झांसे में आ गए। सौरभ दुबे ने पैसा लेने के बाद छत्तीसगढ़ विद्युत मंडल के कनेक्शन आबंटन के दस्तावेज और नगर निगम बिलासपुर कार्यालय से आवास आबंटन आदेश महिलाओं को दे दिए। लगभग एक वर्ष बीत जाने के बाद भी किसी को मकान नहीं मिला। बाद में पता चला कि उसने फर्जी दस्तावेज बनाकर महिलाओं को दिया है। महिलाओं ने बार-बार पैसा वापस करने के लिए कहा तो सौरभ दुबे और संगीता बंजारा ने मनीष कुमार सोनी को 90 हजार रुपए, विजय लता सोनी को 3 लाख रुपए, अजय सोनी को 90 हजार रुपए, विजय लता सोनी को 3 लाख रुपए, मीना मानिकपुरी को 35 हजार रुपए का चेक थमा दिया। सभी महिलाओं ने बैंक में चेक जमा किया तो पर्याप्त राशि नहीं होने के कारण चेक बाउंस हो गया। इसके बाद से महिलाएं शिकायत लेकर थाने का चक्कर काटती रहीं। सौरभ दुबे ने विजयलता सोनी, मीना मानिकपुरी, गणेशिया यादव, अजय सोनी, मनीष सोनी, नेहा यादव, निखत बेगम, अनिता सोनी, शांति मिश्रा, रीना अवस्थी को ठगी का शिकार बनाया है। उसने इनसे प्रति मकान के एवज में एक लाख व बिजली कनेक्शन के नाम पर 5-5 हजार रुपए की वसूली की है।