बस्तर दशहरा: मुख्यमंत्री साय ने किया ऐतिहासिक मुरिया दरबार का भव्य स्वागत
बस्तर दशहरा: मुख्यमंत्री साय ने किया ऐतिहासिक मुरिया दरबार का भव्य स्वागत

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बस्तर दशहरा के ऐतिहासिक मुरिया दरबार में भाग लेकर इस विश्व प्रसिद्ध पर्व की भव्यता और महत्ता को सलाम किया। उन्होंने कहा कि यह पर्व न केवल बस्तर अंचल की आस्था और परम्परा का प्रतीक है, बल्कि समृद्ध संस्कृति का भी एक अद्भुत उदाहरण है।

मुख्यमंत्री ने इस पर्व के आयोजन में शामिल होने वाले सभी मांझी-चालकी और मेम्बर-मेम्बरीन के प्रति आभार व्यक्त किया और कहा कि उनकी सक्रिय सहभागिता से ही बस्तर दशहरा का यह भव्य आयोजन सफल हो पाया है। उन्होंने माडिया सराय में विकास कार्य के लिए 50 लाख रुपए देने की घोषणा करते हुए मांझी-चालकी और मेम्बर-मेम्बरीन के मानदेय में वृद्धि की बात भी कही।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि बस्तर दशहरा अब देश-दुनिया के लोगों को अपनी ओर आकर्षित कर रहा है और पर्यटकों की बढ़ती संख्या से स्थानीय लोगों की आय में भी वृद्धि हो रही है। उन्होंने मां दंतेश्वरी के आशीर्वाद और बस्तरवासियों की अगाध श्रद्धा के कारण इस वर्ष बस्तर दशहरा का आयोजन सफल होने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

इसे भी पढ़ें  इस रक्षाबंधन रहेगी आमचो बस्तर बाम्बू राखियों की धूम… बाँस के अनूठे गहने भी होंगे उपलब्ध

बस्तर दशहरा पर्व के ऐतिहासिक मुरिया दरबार में बस्तर अंचल के मंत्री, सांसद एवं विधायकों सहित स्थानीय जनप्रतिनिधियों, बस्तर राज परिवार के सदस्य, माटी पुजारी कमलचन्द्र भंजदेव, बस्तर दशहरा समिति के उपाध्यक्ष, बस्तर संभाग के विभिन्न क्षेत्रों से आये मांझी-चालकी, मेम्बर-मेम्बरीन तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक और ग्रामीणजन सम्मिलित हुए।

इस अवसर पर माटी पुजारी कमलचन्द्र भंजदेव ने बस्तर दशहरा पर्व के ऐतिहासिक महत्व की जानकारी देते हुए इसे सामाजिक समरसता का अनोखा उदाहरण बताया। उन्होंने बस्तर दशहरा पर्व में शामिल होने के लिए आने वाले देवी-देवताओं हेतु देव सराय की व्यवस्था तथा मांझी-चालकी, पुजारी, गायता सहित ग्रामीणों के ठहरने के लिए बेहतर सुविधा को राज्य सरकार के पहल की सराहना की।

वन मंत्री केदार कश्यप, सांसद बस्तर एवं अध्यक्ष बस्तर दशहरा समिति महेश कश्यप और विधायक जगदलपुर किरणदेव ने बस्तरवासियों को बस्तर दशहरा पर्व की बधाई एवं शुभकामनाएं दी। इस दौरान बस्तर दशहरा समिति के उपाध्यक्ष लक्ष्मण मांझी ने कहा कि विश्व प्रसिद्ध बस्तर दशहरा पर्व सभी के सहयोग तथा व्यापक सहभागिता से सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ है। आने वाले साल में इसे और अधिक बेहतर और भव्यता के साथ मनाएंगे। इस अवसर पर मांझी-चालकी और मेम्बर-मेम्बरीन को मोबाइल भेट किया गया।

इसे भी पढ़ें  कोरबा पुलिस ने ध्वनि प्रदूषण के खिलाफ चलाया अभियान, 11 मॉडिफाइड साइलेंसर और प्रेशर हॉर्न जब्त