दीपक बैज ने स्वतंत्रता दिवस पर फहराया तिरंगा, कहा - कांग्रेस संविधान की रक्षा करेगी
दीपक बैज ने स्वतंत्रता दिवस पर फहराया तिरंगा, कहा - कांग्रेस संविधान की रक्षा करेगी

रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने आज राजीव भवन में ध्वजारोहण कर स्वतंत्रता दिवस मनाया। इस अवसर पर उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि आजादी का यह पर्व हमें उन अनगिनत स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के बलिदानों, देशप्रेम और कर्तव्यनिष्ठा की याद दिलाता है, जिन्होंने अपने प्राणों की आहुति देकर, जेल यातना सह कर स्वतंत्र भारत का लक्ष्य हासिल किया।

गांधीजी के आदर्शों का पालन

दीपक बैज ने कहा कि हमारे स्वतंत्रता संग्राम का तरीका अद्वितीय था। महात्मा गांधी और अनेक असाधारण विभूतियों के नेतृत्व में, हमारा राष्ट्रीय आंदोलन अद्वितीय आदर्शों से प्रेरित था। गांधीजी और अन्य महानायकों ने भारत की आत्मा को फिर से जगाया और हमारी महान सभ्यता के मूल्यों का जन-जन में संचार किया। भारत के ज्वलंत उदाहरण का अनुसरण करते हुए, हमारे स्वतंत्रता संग्राम की आधारशिला- ‘सत्य और अहिंसा’ को पूरी दुनिया के अनेक राजनीतिक संघर्षों में सफलतापूर्वक अपनाया गया है।

इसे भी पढ़ें  रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने हरिजन सेवा संघ के सद्भावना सम्मेलन में महात्मा गांधी के आदर्शों को अपनाने का किया आह्वान

संविधान पर हमला

बैज ने कहा कि आजादी के बाद संपूर्ण प्रभुत्व संपन्न लोकतांत्रिक पंथ निरपेक्ष गणराज्य की स्थापना के साथ ही हमारा संविधान देश के आम आदमी के अधिकारों का रक्षक है। दुख की बात है कि आज हमारे संवैधानिक मूल्यों पर हमला हो रहा है। संविधान प्रदत्त नागरिक अधिकारों और संवैधानिक संस्थाओं पर सुनियोजित तरीके से हमला हो रहा है। ऐसे समय में कांग्रेस पार्टी की भूमिका देश के लोकतंत्र और भारत के संविधानिक मूल्यों को बचाने के लिए और बढ़ जाती है।

कांग्रेस का संकल्प

दीपक बैज ने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनता की आवाज बनेगी और वर्तमान सरकार की गलत नीतियों का विरोध करेगी। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में 5 सालों तक कांग्रेस सरकार ने विकास के अनेक कार्य किए थे। किसान, महिला, मजदूर, अनुसूचित जाति/जनजाति तथा वंचित वर्ग कांग्रेस सरकार की योजनाओं के केंद्र बिंदु थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार को जनता अब याद कर रही है।

इसे भी पढ़ें  कोलकाता की घटना के बाद बलरामपुर में महिला डॉक्टरों की सुरक्षा को लेकर सख्त कदम

भाजपा सरकार की आलोचना

बैज ने वर्तमान भाजपा सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि 8 माह में ही कानून व्यवस्था बर्बाद हो गई है। राज्य में कलेक्टर, एसपी कार्यालय जलाए जा रहे हैं, हत्या, लूट, डकैती से आम आदमी भयभीत है। बस्तर में फिर वही भय, आतंक और फर्जी मुठभेड़ का दौर शुरू हो गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में लोकतंत्र के चौथे स्तम्भ – मीडिया के पत्रकार साथियों को फर्जी मामलों में फंसाकर प्रताड़ित किया जा रहा है।

आंदोलन का रास्ता

दीपक बैज ने कहा कि विपक्ष के रूप में हम जिम्मेदारी को समझते हैं, जनता के हितों के लिए आंदोलन हमारा रास्ता है और आने वाले 4 सालों तक इस आतताई निकम्मी सरकार को उखाड़ फेकने तक हम संघर्ष करते रहेंगे। बेहतर छत्तीसगढ़ के लिए यह आवश्यक है कि वर्तमान भाजपा सरकार को सत्ता से हटाया जाए।

Leave a comment

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *