मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज राजधानी रायपुर में छत्तीसगढ़ के सबसे बड़े पारंपरिक पर्व तीज के मौके पर आयोजित तीज मिलन समारोह में शामिल होकर बहनों को आशीर्वाद दिया।
यह समारोह राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा के निवास पर आयोजित किया गया था। इसमें प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से आई महिलाएं शामिल हुईं। राजस्व मंत्री ने महिलाओं का परंपरागत रूप से स्वागत किया और लोक कलाकारों ने मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी।
मुख्यमंत्री ने तीज पर्व की बधाई देते हुए कहा कि यह बहुत खुशहाली का अवसर है। उन्होंने तीज के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सुहागन महिलाएं निर्जला व्रत रखकर अपने पति की दीर्घायु जीवन की कामना लेकर शिव-पार्वती की पूजा करती हैं। उन्होंने महिलाओं के सम्मान पर ज़ोर देते हुए कहा कि हमारी सरकार महिलाओं को हर महीने महतारी वंदन योजना की राशि जारी कर रही है।
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने भी समारोह में महिलाओं को तीज मिलन की बधाई दी और कहा कि छत्तीसगढ़ के तीज-त्यौहारों की परंपरा काफी समृद्ध है। उन्होंने छत्तीसगढ़ की महिलाओं के योगदान और राज्य सरकार द्वारा महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए किए जा रहे प्रयासों पर प्रकाश डाला।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने भी महिलाओं को तीज पर्व की बधाई दी और कहा कि राजस्व मंत्री ने अपने घर पर तीज मिलन के लिए सभी को बुलाकर मातृ शक्ति का सम्मान किया है।
राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने छत्तीसगढ़ के लोक कवि भैय्या लाल हेड़ाऊ के गीत ‘धन-धन तै मोरे किसान’ गाकर सबको मोहित कर दिया।
तीज मिलन के लिए राजस्व मंत्री के निवास को खूबसूरती से सजाया गया था, जिसमें परंपरागत ग्रामीण परिवेश की झलक दिखाई दी।
इस अवसर पर राजनांदगांव के धरोहर सांस्कृतिक दल के कलाकारों ने भी मनमोहक प्रस्तुति दी, जिस पर सभी ने जमकर नाच-गाकर तीज मिलन का लुफ्त उठाया।
इस समारोह में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक अनुज शर्मा, गुरु खुशवंत साहेब, मोतीलाल साहू, पूर्व सांसद सुनील सोनी आदि उपस्थित रहे।