कोरबा में मंत्री देवांगन ने किया नवरात्रि उत्सवों का दौरा, क्षेत्रवासियों को दी शुभकामनाएं
कोरबा में मंत्री देवांगन ने किया नवरात्रि उत्सवों का दौरा, क्षेत्रवासियों को दी शुभकामनाएं

नवरात्रि का त्योहार पूरे देश में धूमधाम से मनाया जा रहा है। छत्तीसगढ़ के कोरबा में भी इस त्योहार की धूम है। इस अवसर पर वाणिज्य उद्योग व श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन ने शहर के विभिन्न दुर्गा पंडालों, मंदिर और डांडिया उत्सव में हिस्सा लिया और मां दुर्गा की पूजा अर्चना कर क्षेत्रवासियों की खुशहाली और उन्नति की कामना की।

मंत्री देवांगन ने सीएसईबी विद्युत गृह विद्यालय के समीप स्थित शिव मंदिर में माता की चुनरी की पूजा अर्चना की। साथ ही धर्म जागरण मातृ शक्ति द्वारा आयोजित यात्रा में भी शामिल हुए। इस यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाएं और पदाधिकारी शामिल हुए।

इसके बाद मंत्री देवांगन सीएसईबी कॉलोनी स्थित गायत्री मंदिर में आयोजित पावन प्रज्ञा पुराण में सम्मिलित हुए। यहां उन्होंने मां गायत्री की आरती की और पुराण का श्रवण किया।

मंत्री देवांगन सीएसईबी कॉलोनी स्थित महिला मंडल द्वारा आयोजित दुर्गा पूजा में भी शामिल हुए। यहां उन्होंने मां जगदम्बा की आरती की और समिति की मांग पर कीचन शेड के निर्माण के लिए 5 लाख विधायक निधि से देने की घोषणा की।

इसे भी पढ़ें  विधानसभा सत्र से पहले सभी लगवाएं कोरोना टीका: छत्तीसगढ़ स्पीकर

एमपी नगर में भव्य दुर्गा पंडाल में मंत्री देवांगन ने मत्था टेक कर पूरे नगर वासियों की मंगल के लिए कामना की।

कोरबा के वार्ड क्रमांक 23 पंडित रवि शंकर शुक्ल नगर में आयोजित गरबा उत्सव में मंत्री देवांगन ने मातृ शक्ति के साथ मां जगमदम्बा की आरती की। उन्होंने दुर्गापूजा की सभी को बधाई व शुभकामनाएँ दी हैं। उन्होंने मां दुर्गा से प्रार्थना करते हुए कहा है कि वे सबके जीवन में सुख, शांति, समृद्धि एवं उत्तम स्वास्थ्य प्रदान करें। इस अवसर पर कॉलोनी की महिलाओं को सम्मानित भी किया गया।

मंत्री देवांगन ने नगर निगम आवासीय परिसर स्थित गरबा उत्सव में भी शामिल होकर सभी को नवरात्र पावन पर्व की बधाई और शुभकामनाएं दी।